#Ceramicart लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
#Ceramicart लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 20 मार्च 2026

समन्वय प्रदर्शनीः डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज



कला रंग, रूप, प्रतीक और रेखाओं के समन्वय का परिणाम है। जब तक ये सभी तत्व कैनवास पर, या मिट्टी, धातु और लकड़ी के रूप में एक साथ नहीं आते, तब तक कला का वास्तविक जन्म नहीं होता। इसी प्रकार, जब तक कलाकार सामूहिक रूप से सृजन में सहभागी नहीं होते, तब तक कला का समुचित वातावरण भी निर्मित नहीं हो पाता। “समन्वय” शीर्षक से आयोजित यह समूह प्रदर्शनी इसी मूल भाव को केंद्र में रखती है और विविध कलाभिव्यक्तियों के माध्यम से उसे साकार करती है।

डॉ वेद प्रकाश भारद्वाज, वंदना राकेश, अश्वनी कुमार पृथ्वीवासी, सतीश शर्मा और अपूर्वा गर्ग


20 मार्च 2026 से नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के कमलादेवी कॉम्पलेक्स की गैलरी में आयोजित इस प्रदर्शनी का संयोजन दिल्ली आर्ट सोसायटी और इंडिया इंटरनेशनल सेंटर द्वारा किया गया है। इस प्रदर्शनी को ज्योति कठपालिया ने क्यूरेट किया है। क्यूरेटर ने न केवल विभिन्न पीढ़ियों के कलाकारों को एक मंच पर लाया है, बल्कि उनके भिन्न-भिन्न दृष्टिकोणों को इस प्रकार संयोजित किया है कि प्रदर्शनी एक संवादात्मक अनुभव बन जाती है।

प्रेम सिंह के साथ शफी चमन, अशीमा मेहरोत्रा व अन्य।

डॉ वेद प्रकाश भारद्वाज, अंजु कौशिक, अशीमा मेहरोत्रा, डॉ रमेश कांडिगिरी, कविता नायर और प्रशांत कलीता


इस प्रदर्शनी की एक प्रमुख विशेषता इसका बहुस्तरीय स्वरूप है, जहाँ वरिष्ठ और नवोदित कलाकारों के कार्य एक साथ उपस्थित होकर कला की निरंतरता और परिवर्तनशीलता दोनों को दर्शाते हैं। वरिष्ठ कलाकारों में प्रेम सिंह, कालीचरण गुप्ता, जगदीश चंदर, आनंद मोय बनर्जी, मीना देवरा, नीरज गुप्ता, सतीश शर्मा, राकेश कुमार गुप्ता, वंदना राकेश, अलका झाम्ब, श्रुति गुप्ता चंद्रा, प्रशांत कलीता के कार्य जहाँ अनुभव, गहराई और परिपक्वता का परिचय देते हैं, वहीं अंजु कौशिक, अपूर्वा गर्ग, गिरीश उरकुड़े, मोहन सिंगाने, अवनीत चावला, संजय रॉय, सुरेंद्र कुमार मिश्रा, अशीमा मेहरोत्रा आदि कलाकारों के कार्य समकालीन संवेदनाओं और प्रयोगशीलता को सामने लाते हैं।

डॉ वेद प्रकाश भारद्वाज और गिरीश उरकुड़े

डॉ वेद प्रकाश भारद्वाज और मोहन सिंगाने 


प्रदर्शनी में प्रस्तुत कलाकृतियाँ विषय और माध्यम—दोनों स्तरों पर विविधता लिए हुए हैं। मूर्त चित्रों में जहाँ मानवीय भावनाओं, सामाजिक यथार्थ और सांस्कृतिक स्मृतियों का सजीव चित्रण देखने को मिलता है, वहीं अमूर्त कृतियाँ रंगों, आकृतियों और बनावट के माध्यम से आंतरिक अनुभवों और दार्शनिक चिंतन को व्यक्त करती हैं। इन दोनों के बीच संतुलन ही इस प्रदर्शनी के “समन्वय” शीर्षक को सार्थक बनाता है।




वंदना राकेश की रचना

प्रशांत कलीता की रचना


सतीश शर्मा की रचनाएं

अल्का झाम्ब व अन्य कलाकारों की रचनाएं



केवल चित्रकला तक सीमित न रहकर, प्रदर्शनी में सेरामिक और लकड़ी के शिल्प भी शामिल किए गए हैं, जो इसे त्रि-आयामी विस्तार प्रदान करते हैं। सेरामिक कृतियों में सतह, बनावट और रूप के साथ किए गए प्रयोग दर्शकों को आकर्षित करते हैं, जबकि लकड़ी के शिल्प प्राकृतिक तत्वों के साथ कलाकार की संवादशीलता को उजागर करते हैं। इन शिल्पों की उपस्थिति प्रदर्शनी को अधिक स्पर्शनीय और जीवंत बनाती है।

राकेश कुमार गुप्ता की पेंटिंग्स देखते दर्शक

क्यूरेटर ज्योति कठपालिया की दृष्टि इस पूरी प्रदर्शनी में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। उन्होंने केवल कलाकृतियों का चयन ही नहीं किया, बल्कि उन्हें इस प्रकार संयोजित किया है कि दर्शक एक दृश्य यात्रा का अनुभव करता है—जहाँ हर कृति अगली कृति से संवाद करती प्रतीत होती है। यह संयोजन दर्शक को न केवल देखने बल्कि सोचने और महसूस करने के लिए भी प्रेरित करता है।

अनिरुद्ध सागर का सेरामिक शिल्प


समग्र रूप से “समन्वय” एक ऐसी प्रदर्शनी है, जो कला के विभिन्न रूपों, माध्यमों और पीढ़ियों को एक साथ लाकर एक समृद्ध और बहुआयामी अनुभव प्रस्तुत करती है। यह केवल कलाकृतियों का संग्रह नहीं, बल्कि विचारों, संवेदनाओं और रचनात्मक ऊर्जा का संगम है—जहाँ कला अपने व्यापक और जीवंत स्वरूप में प्रकट होती है।

गुरुवार, 12 मार्च 2026

सेरामिक में शिल्पः खुर्जा द क्ले स्पेस प्रदर्शनी

प्रदर्शनी विचारः डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज

वरिष्ठ कलाकार अनवर और सेरामिक कलाकार सीरज सक्सेना के साथ डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज


खुर्जा द क्ले स्पेस शीर्षक से सेरामिक कलाकारों की एक समूह प्रदर्शनी 11 से 17 मार्च 2026 तक नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर की एनेक्सी गैलरी में आयोजित की गई है। खुर्जा उत्तर प्रदेश का वह शहर है जो लंबे समय से पॉटरी और सिरेमिक शिल्प के लिए प्रसिद्ध रहा है। सीरज सक्सेना ने वहां अपना एक स्टूडियो स्थापित किया है, जहाँ कलाकारों के साथ मिलकर सिरेमिक में विभिन्न प्रयोग करते हैं।

सीरज सक्सेना की रचनाएं



इस प्रदर्शनी की एक विशेषता यह भी है कि कुछ कलाकारों ने ऐसे शिल्प रचे हैं जिनके रूप पारंपरिक पॉटरी से मेल खाते प्रतीत होते हैं, परंतु उनका उद्देश्य उपयोगितावादी वस्तु बनाना नहीं है। वे मूलतः मूर्तिकला हैं—ऐसी कृतियाँ जो पॉटरी की परिचित संरचनाओं को एक नए कलात्मक अर्थ में रूपांतरित करती हैं। शायद यही इस प्रदर्शनी की सबसे सुंदर और महत्वपूर्ण विशेषता है, जहाँ पारंपरिक शिल्प और समकालीन कला एक-दूसरे से संवाद करते हुए दिखाई देते हैं।

संजय सावंत की एक रचना


इस प्रदर्शनी में अनुजा पंजवानी मिन्हास, जया रावल, मिलन करमाकर, रितिका आनंद, संजय सामंत, सीरज सक्सेना, सूरज गोराई, और जहीर अहमद के काम प्रदर्शित किये गये हैं। प्रदर्शनी का नेतृत्व सीरज सक्सेना कर रहे हैं। यह सभी कलाकार मुख्यतः सिरेमिक माध्यम में काम कर रहे हैं और इनका काम किसी न किसी रूप में खुर्जा से जुड़ा हुआ है। इनमें से कई कलाकार वहीं रहकर काम करते हैं, जबकि कुछ कलाकार समय-समय पर खुर्जा जाकर वहाँ के स्टूडियो और पारंपरिक पॉटर्स के साथ मिलकर अपनी कृतियाँ तैयार करते हैं।

जया रावल का सेरामिक शिल्प


कला की दुनिया में परिवर्तन सामान्यतः बहुत तीव्र गति से नहीं होते। किसी भी नई प्रवृत्ति या माध्यम को स्वीकार किए जाने में समय लगता है, और वह धीरे-धीरे एक लंबी प्रक्रिया के बाद सामने आती है। सिरेमिक कला के संदर्भ में भी कुछ ऐसा ही हुआ। लंबे समय तक सिरेमिक को मुख्यतः पॉटरी के रूप में ही देखा जाता रहा। कलाकारों ने सिरेमिक प्लेटों या पात्रों पर चित्रांकन अवश्य किया, किंतु यह विचार कि सिरेमिक एक स्वतंत्र मूर्तिकला माध्यम भी हो सकता है, कला-जगत में बहुत बाद में गंभीरता से उभरा।

जहीर अहमद की रचनाएं


हालाँकि टेराकोटा में मूर्तिकला के उदाहरण पहले से मिलते हैं, फिर भी भारत में सिरेमिक को लंबे समय तक उपयोगितावादी पॉटरी की परंपरा से ही जोड़ा जाता रहा। इस धारणा को बदलने की दिशा में कुछ कलाकारों ने महत्वपूर्ण प्रयोग किए। उदाहरण के लिए ज्योत्सना भट्ट और पीआर दरोज जैसे कलाकारों के काम को देख सकते हैं जिन्होंने सिरेमिक के साथ ऐसे रचनात्मक प्रयोग किए जिनसे इस माध्यम की संभावनाएँ सामने आईं। पीआर दरोज  ने सिरेमिक में ऐसे कार्य प्रस्तुत किए जिन्होंने पॉटरी की पारंपरिक अवधारणा को तोड़ते हुए इसे एक स्वतंत्र कलात्मक माध्यम के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया। उनके प्रयोगों ने बाद की पीढ़ी के कलाकारों को नए रूपों और संरचनाओं की खोज के लिए प्रेरित किया।

 

सीरज सक्सेना की रचनाएं

इसी परंपरा में सीरज सक्सेना का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्होंने न केवल सिरेमिक में नए प्रयोग किए, बल्कि अन्य कलाकारों को भी इस माध्यम में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मिलन करमाकर की रचनाएं


इस प्रदर्शनी को केवल सिरेमिक की प्रदर्शनी कहना पर्याप्त नहीं होगा। अधिक उचित यह है कि इसे मूर्तिकला की प्रदर्शनी के रूप में देखा जाए, जिसमें कलाकारों ने सिरेमिक माध्यम में विविध शिल्प रचे हैं। प्रदर्शनी में कुछ कार्य ऐसे हैं जिनमें पॉटरी की झलक अवश्य दिखाई देती है, किंतु वे पारंपरिक पॉटरी की सीमाओं से आगे जाते हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में ऐसे कार्य भी हैं जो पूर्णतः त्रि-आयामी रूपों में निर्मित हैं। कुछ कृतियाँ ऐसी भी हैं जिन्हें दीवारों पर टाँगा जा सकता है, जिससे सिरेमिक माध्यम की अभिव्यक्ति केवल उपयोगितावादी वस्तुओं तक सीमित न रहकर समकालीन मूर्तिकला और इंस्टॉलेशन की दिशा में विस्तृत होती दिखाई देती है।

अनुजा पंजवानी मिन्हास की रचनाएं


सीरज सक्सेना वैसे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने सिरेमिक म्यूरल्स के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने भारत के अलावा कई अन्य देशों में भी बड़े पैमाने पर सिरेमिक म्यूरल्स का निर्माण किया है, जिनमें इस माध्यम की संरचनात्मक संभावनाएँ और दृश्य प्रभाव दोनों ही स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उनके ये म्यूरल्स सिरेमिक को केवल पॉटरी या छोटे आकार की कलाकृतियों तक सीमित नहीं रहने देते, बल्कि इसे वास्तुशिल्पीय और सार्वजनिक कला के व्यापक संदर्भ में स्थापित करते हैं। इस प्रदर्शनी में भी उनके कुछ ऐसे ही कार्य शामिल हैं, जिनमें सिरेमिक के बड़े और बहुस्तरीय रूपों के माध्यम से एक विशिष्ट दृश्य प्रभाव निर्मित होता है। इन कृतियों में रूप, बनावट और सतह के साथ किए गए प्रयोग सिरेमिक को एक स्वतंत्र मूर्तिकला माध्यम के रूप में देखने की संभावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।

अनुजा पंजवानी मिन्हास के कामों में से कुछ में मूल संरचना पारम्परिक पॉटरी की है जिसे वह कैनवास की तरह इस्तेमाल करती हैं।

संजय सामंत पारम्परिक पॉटरी को अलग तरह से फर्श और दीवार पर संयोजित करते हुए उनका विस्तार करते हैं। मिलन करमाकर प्रतिमाओं के साथ ही प्लेट्स बनाते हैं जिनपर चित्रकारी करते हैं। रितिका आनंद की रचनाओं में भूदृश्य के साथ ही प्राकृतिक संरचनाएं और जीवन प्रक्रिया का आरम्भ अंकुरण मुख्य विषय है। सूरज गोराई पॉटरी की संरचनाओं को आधार बनाते हुए उन्हें शिल्प में बदल कर कला प्रेमियों को अलग अनुभव संसार में ले जाते हैं। 

सूरज गोराई की रचनाएं


इस प्रदर्शनी में शामिल जया रावल के काम पूरी तरह शिल्प कहे जा सकते हैं जिनकी रचना सेरामिक माध्यम में की गई है। जया ने पहले भोपाल में काम किया है पर इन दिनों मुंबई में रहती हैं और सेरामिक में काम करने के लिए खुर्जा जाती हैं। ज़हीर अहमद परम्परागत पॉटर हैं जो अपने कामों में हमेशा कुछ नए प्रयोग करते रहते हैं। इस प्रदर्शनी में शामिल उनके कामों में खिलौनों जैसी संरचनाएं हैं पर उन्हें वह सजावटी वस्तुओं के दायरे से आगे ले जाते हुए कलात्मक बना देते हैं।

रितिका आनंद की रचनाएं